14 दिसंबर 2023 राष्ट्रीय समाचार
2023 के जाते-जाते बाजार में तेजी लौटी
बात शेयर बाजार की हो, सोने में निवेश की या फिर रियल एस्टेट की, निवेशकों ने जहां भी पैसा लगाया उन्हें फायदा ही हुआ। निफ्टी ने इस साल में अब तक 15% का रिटर्न दिया है, तो सोने ने एक साल में 18% की तेजी दिखाई है। मकानों की कीमतों में भी औसतन 8-10% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
संसद भवन की सुरक्षा में बुधवार को हुई बड़ी चूक । यहां दो युवक लोकसभा के अंदर सांसदों के बीच में दर्शक दीर्घा से उस वक्त कूद गए, जब सदन की कार्यवाही जारी थी। इनमें से एक युवक पीछे से कूदते-फांदते हुए सांसदों के बीच जा पहुंचा और जूते से स्प्रे निकालकर पूरे सदन को धुआं-धुआं कर दिया। सुरक्षा चूक की घटना के बाद संसद में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस 2023 समारोह में लेंगी भाग
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 14 दिसंबर 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस 2023 समारोह में भाग लेंगी।
तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष पद पर चुनाव आज
अध्यक्ष का चुनाव विधानसभा में बैठक के दौरान होगा। बैठक के अध्यक्ष नामांकित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेंगे। यदि केवल एक ही व्यक्ति नामांकित हो तो उसे निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। एक से अधिक व्यक्तियों के नामांकित होने की स्थिति में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव मत-पत्र के जरिए होगा।
सिक्किम में सेना ने चलाया बड़ा ऑपरेशन, खराब मौसम में फंसे 800 पर्यटकों को रेस्क्यू कर बचाया
भारतीय सेना ने बुधवार को पूर्वी सिक्किम में ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे 800 से अधिक पर्यटकों को बचाया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटकों में बुजुर्ग महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दरअसल पर्यटक बर्फबारी और खराब मौसम के कारण पूर्वी सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में फंस गए थे। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर ने बचाव अभियान चलाया। सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित जगहों में ले जाया गया। सेना ने पर्यटकों को रहने के लिए आश्रय, गर्म कपड़े, मेडिकल ट्रीटमेंट और गर्म खाना दिया।